फिर चलेगा पुराने वाहनों के खिलाफ अभियान

 जिले में फिर से पुराने वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर उन्हें एनसीआर से बाहर किया जाएगा। शहर में अभी भी कई हजार 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल के वाहन घूम रहे हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इसकी तैयारी कर ली है।
एनजीटी के इन वाहनों को जिले से हटाने के आदेश के बाद भी 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल के वाहन खूब दौड़ रहे हैं। कई बार परिवहन विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है, लेकिन उसका ज्यादा असर नहीं हुआ है। जब तक अभियान चलता है तब तक तो पुराने वाहन दिखाई नहीं पड़ते हैं, जैसे ही अभियान बंद किया जाता है उसके कुछ दिन बाद फिर से वाहन दौड़ने शुरू हो जाते हैं। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने एनसीआर से बाहर के कुछ जनपदों को एनओसी देने के लिए भी छूट दे दी थी। उन्होंने कहा था कि 35 जिलों में पुराने वाहनों को ले जाकर चला सकते हैं। एनसीआर में यह वाहन किसी भी कीमत पर नहीं चलेंगे। एआरटीओ प्रशासन विश्वजीत सिंह ने बताया कि अधिकतर वाहनों जिले से बाहर जा चुके हैं। जो वाहन जिले में घूम रहे हैं। उन सभी पुराने वाहनों के खिलाफ फिर से अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी, जिससे प्रदूषण की स्थिति भी नियंत्रण में रहेगी।